जाम और अतिक्रमण पर पुलिस आयुक्त सख्त, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के दिए निर्देश 

शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को शहर क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति, अतिक्रमण और सड़क किनारे अनियमित पार्किंग का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और यातायात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाले अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को शहर क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति, अतिक्रमण और सड़क किनारे अनियमित पार्किंग का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और यातायात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाले अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार एक सतत प्रक्रिया है। अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी भी स्थान पर यातायात संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति सामान्य कराएं, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।


प्रमुख चौराहों पर बढ़ेगी सतर्कता
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने यातायात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित प्वाइंट पर सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन चौराहों और मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक रहता है, वहां आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।


अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई
शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर सड़क तथा फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को यातायात में बाधक बताते हुए पुलिस आयुक्त ने इसके खिलाफ निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।


नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर कार्रवाई
सड़क किनारे अनियमित और अवैध पार्किंग को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने सख्ती के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों और चौराहों के आसपास नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट का उल्लंघन करने और अन्य यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


जाम की सूचना पर तत्काल पहुंचेगी पुलिस
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थान पर जाम या यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस एवं यातायातकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचें। यातायात सामान्य कराने में अनावश्यक विलंब न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

उन्होंने यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। कहा कि यातायात व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ व्यापारियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को न्यूनतम असुविधा हो। सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।