आईटीसी के प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस आयुक्त ने दिए टिप्स, आधुनिक पुलिसिंग का तरीका बताया
वाराणसी। विभिन्न राज्यों से आए 48वीं इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स (आईटीसी) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षु अधिकारियों को उत्कृष्ट एवं आधुनिक पुलिसिंग के महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण का काल पुलिस सेवा जीवन का स्वर्णिम समय होता है, जिसमें अधिकारी आत्मबल, साहस, अनुशासन, संवेदनशीलता और ज्ञान का निर्माण करते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए मानसिक एवं तकनीकी रूप से तैयार रहने की प्रेरणा दी।
संवाद के दौरान पुलिस आयुक्त ने कमिश्नरेट वाराणसी की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यातायात प्रबंधन, डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, तकनीकी रूप से सशक्त एसओजी एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन प्रणाली तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की कार्यशैली से प्रशिक्षु अधिकारियों को अवगत कराया। साथ ही वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और उसकी संवेदनशीलता पर भी विशेष चर्चा की गई।
धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण काशी की संवेदनशीलता पर प्रकाश डालते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी है, जहां श्रद्धालुओं, पर्यटकों और नागरिकों की सुरक्षा हेतु मानवीय, संवेदनशील और सतर्क पुलिसिंग आवश्यक है। उन्होंने श्रावण मास, देवदीपावली और कुम्भ मेले जैसे आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था के अनुभव भी साझा किए।
उन्होंने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती पर भी प्रशिक्षुओं का ध्यान आकर्षित किया और कहा कि आधुनिक पुलिस अधिकारी को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ अपराधियों से एक कदम आगे सोचने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। गुणवत्तापूर्ण विवेचना, सशक्त पैरवी और समयबद्ध कार्रवाई को उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग का आधार बताया।
पुलिस आयुक्त ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा और सत्यनिष्ठा ही एक आदर्श पुलिस अधिकारी की पहचान होती है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ सामूहिक भोजन किया और उन्हें मोमेंटो प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार, गोमती जोन की डीसीपी नीतू तथा यातायात पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।