गंगा में डूबते लोगों की जान बचाने वाले साहसी नाविकों का पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मान, घाटों पर सुरक्षा के लिए दिये कई महत्वपूर्ण निर्देश

वाराणसी। गंगा में डूब रहे लोगों की जान बचाकर साहस का परिचय देने वाले तीन नाविकों को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। यातायात सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान इन नाविकों की बहादुरी को सराहा गया और अन्य नाविकों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही गई।
 

वाराणसी। गंगा में डूब रहे लोगों की जान बचाकर साहस का परिचय देने वाले तीन नाविकों को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। यातायात सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान इन नाविकों की बहादुरी को सराहा गया और अन्य नाविकों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही गई।

जान जोखिम में डालकर बचाई लोगों की जिंदगी
सम्मानित किए गए नाविकों में आकाश साहनी (भदैनी), छोटू साहनी (शिवाला) और राकेश साहनी (गणेश महल) शामिल हैं। इन तीनों ने गंगा में डूब रहे स्नानार्थियों को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस आयुक्त ने किया सम्मान, बढ़ाया मनोबल
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इन नाविकों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका साहसिक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य न केवल मानवता की मिसाल हैं, बल्कि संकट के समय जिम्मेदारी निभाने का भी उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

गोष्ठी में नाव संचालन को लेकर सख्त निर्देश
इस मौके पर नाविकों के साथ गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर रोक और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई।

रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह से सभी नावों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। बिना रजिस्ट्रेशन नाव चलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और नाव जब्ती तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार रखने की अपील
नाविकों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे श्रद्धालुओं को अतिथि मानकर विनम्र व्यवहार करें और निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
इस कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार और पुलिस उपायुक्त गौरव बंशवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।