सारनाथ के अकथा में फायरिंग करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा स्थित शंकरपुरम कालोनी में शनिवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुए झगड़े के बाद अधिवक्ता आलोक पाठक पर पड़ोसी ठेकेदार द्वारा हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। सूचना के अनुसार अधिवक्ता को लक्ष्य कर फायर किया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
वाहन पार्किंग को लेकर बढ़ा विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच वाहन खड़ा करने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और आरोप है कि ठेकेदार ने तमंचे से फायर झोंक दिया। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है।
दो थानों की पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ थाना और लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार
28 फरवरी को आलोक पाठक पुत्र रामप्रताप पाठक, निवासी शंकरपुरम कॉलोनी बेनीपुर, वाराणसी ने थाना सारनाथ पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से असलहे से फायरिंग की और जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना सारनाथ पर मुकदमा अपराध संख्या 104/2026 धारा 109(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दुर्गेश सिंह द्वारा की जा रही है।
वरुणा जोन के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में सारनाथ पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज है और उसी मुकदमे में उसकी संलिप्तता पाई गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना सारनाथ के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक दुर्गेश सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह और महिला कांस्टेबल प्रतिमा सरोज शामिल रहीं।
अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वाराणसी कमिश्नरेट द्वारा वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।