वाराणसी में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार, मैरेज लॉन को भी दिया कनेक्शन, गेल के जीएम ने फीता काटकर किया उद्घाटन
वाराणसी। स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में GAIL (India) Limited ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अपने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का लगातार विस्तार करते हुए कंपनी ने पहली बार किसी लॉन परिसर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुरू की है। रविवार को चितईपुर स्थित डीएनएस लॉन में पीएनजी आपूर्ति का विधिवत शुभारंभ किया गया।
गेल इंडिया के महाप्रबंधक (जीएम) एवं वाराणसी सीजीडी परियोजना प्रमुख सुशील कुमार ने फीता काटकर आपूर्ति का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) नवाज़िश अली अंसारी और मार्केटिंग विभाग से जे. आकाश शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को स्वच्छ ईंधन से जोड़ने की दिशा में एक नई शुरुआत है।
गेल के महाप्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएनएस लॉन को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ना कंपनी की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और किफायती ऊर्जा पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले यह लॉन प्रतिमाह लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की खपत करता था, जो विवाह और उत्सव के मौसम में काफी बढ़ जाती थी। अब पीएनजी सुविधा मिलने से गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी और संचालन लागत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
पीएनजी के उपयोग से लॉन संचालकों को कई लाभ मिलेंगे, जिनमें उच्च स्तर की सुरक्षा, पर्यावरण के अनुकूल ईंधन का उपयोग और एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण व परिवहन से जुड़ी समस्याओं से राहत शामिल है। इसके साथ ही बार-बार रिफिलिंग की आवश्यकता भी समाप्त हो जाएगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुगम और प्रभावी बनेगी।
गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा वाराणसी में इस तरह के प्रयास शहर को स्वच्छ ऊर्जा की ओर अग्रसर करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।