काशी विश्वनाथ धाम के अन्नक्षेत्र में शुरू हुआ PNG कनेक्शन, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बड़ा कदम

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित टेढ़ीनीम स्थित अन्नक्षेत्र में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में Gas Authority of India Limited (गेल) के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की आपूर्ति सुनिश्चित की गई, जिसका विधिवत शिलान्यास शुक्रवार को संपन्न हुआ।
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित टेढ़ीनीम स्थित अन्नक्षेत्र में स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा आपूर्ति को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में Gas Authority of India Limited (गेल) के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की आपूर्ति सुनिश्चित की गई, जिसका विधिवत शिलान्यास शुक्रवार को संपन्न हुआ।

इस परियोजना के लागू होने से अन्नक्षेत्र में भोजन निर्माण की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और सुगम हो जाएगी। PNG के उपयोग से ईंधन की निरंतर उपलब्धता बनी रहेगी, जिससे कार्य में बाधा नहीं आएगी। साथ ही पारंपरिक ईंधनों की तुलना में प्रदूषण में कमी आएगी और कार्यकुशलता में भी वृद्धि होगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की उपस्थिति रही। इसमें डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार सहित गेल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से महाप्रबंधक सुशील कुमार, गौरी शंकर मिश्रा, सुरेश तिवारी, उदित सिन्हा, कलाधर नारायण, उपमहाप्रबंधक नवाजिश, मुख्य प्रबंधक प्रवीण सिंह और चंदन सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यह पहल न केवल ऊर्जा के बेहतर प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी सराहनीय कदम है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार आधुनिक और उपयोगी पहलें की जा रही हैं। इस नई व्यवस्था से अन्नक्षेत्र की सेवाएं और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और प्रभावी होंगी, जिससे प्रतिदिन भोजन प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिल सकेगी।