देश को विकसित बनाने का पीएम मोदी का संकल्प गांव-गांव तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : नितिन नबीन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुजरात के वडनगर से काशी तक निकाली गई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का बुधवार को रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नबीन, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संबोधित किया।
 

बीजेपी अध्यक्ष बोले- इतिहास का निर्माता ऐसे नहीं बनता, पिछले 25 वर्षों को देखें तो कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री ने इतिहास रचा है

वडनगर से काशी पहुंची ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का जगतपुर में भव्य समापन

सीएम योगी, हिमंता बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी किया संबोधित

20 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर करीब 500 बाइक सवार पहुंचे काशी

सीएम योगी बोले- 25 वर्ष पहले गुजरात की सत्ता संभालने वाले पीएम मोदी ने प्रदेश को विकास के नए रास्ते पर पहुंचाया

हिमंता बिस्वा सरमा बोले- भूकंप से पीड़ित गुजरात को पीएम मोदी ने अग्रणी राज्यों में खड़ा किया

पंकज चौधरी ने कहा- कार्यकर्ताओं के अटूट संकल्प और उत्साह के सामने हर बाधा आसान हुई

पीएम मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में निकाली गई थी यात्रा

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुजरात के वडनगर से काशी तक निकाली गई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का बुधवार को रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नबीन, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संबोधित किया।

करीब 500 बाइक सवारों ने 20 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर काशी पहुंचकर सेवा और संकल्प का संदेश दिया। इससे पूर्व 17 सितंबर को गुजरात के वडनगर से रवाना हुए यात्रियों का काशी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रियों ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर जगतपुर मैदान पहुंचे।

देश को विकसित बनाने का संकल्प गांव-गांव तक पहुंचाएं : नितिन नबीन
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 20 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर काशी पहुंचे बाइकर्स का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संकल्प देखे हैं, उन्हें सभी कार्यकर्ता गांवों तक लेकर जाएं।

उन्होंने कहा कि इतिहास का निर्माता ऐसे नहीं बनता। पिछले 25 वर्षों को देखें तो जरूर कह सकते हैं कि देश के प्रधानमंत्री ने इतिहास रचा है। जनभावना को समझते हुए उन्होंने देश को निराशा के माहौल से निकालने और युवाओं के अंदर आशा व उम्मीद जगाने का काम किया है।

नितिन नबीन ने कहा कि तीन तलाक की समाप्ति, देश को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में आगे बढ़ना, चार करोड़ से अधिक लोगों को छत उपलब्ध कराना, नक्सलवाद को खत्म करना और पूर्वोत्तर राज्यों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना जैसे कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश आगे बढ़ा है।

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अराजकता की मानसिकता को भारत की जनता कड़ा जवाब देगी। युवा 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ेंगे।

पीएम मोदी ने गुजरात को विकास के नए रास्ते पर पहुंचाया : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हर हर महादेव के उद्घोष के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का काशी की पावन धरा पर स्वागत किया। साथ ही सुरक्षित और विकसित असम के लिए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का भी स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ स्टेट के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प यात्रा के काशी पहुंचने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले गुजरात की सत्ता संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश को विकास के नए रास्ते पर लाकर खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में काशी को बदलते हुए देखा गया है। उत्तर प्रदेश की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। जमीन पर अवैध कब्जा, महिलाओं के साथ खिलवाड़ और अराजकता चरम पर थी, लेकिन आज माफिया मिट्टी में मिला है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम अपने नए स्वरूप में आगे आया, मां विंध्यवासिनी का भव्य कॉरिडोर बना और दिव्य-भव्य कुंभ का आयोजन हुआ। आज उत्तर प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

भूकंप से पीड़ित गुजरात को अग्रणी राज्य बनाया : हिमंता
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने हर हर महादेव के उद्घोष के साथ संबोधन शुरू किया और बाबा विश्वनाथ को मां कामाख्या की धरती से प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत बड़ा है, क्योंकि 25 वर्ष पहले भूकंप से पीड़ित गुजरात को नए नेतृत्व के रूप में नरेंद्र मोदी का दायित्व मिला था। उन्होंने गुजरात को अग्रणी राज्यों में लाकर खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व में एक नई शक्ति के रूप में उभरा है। आज देश को सेमीकंडक्टर निर्माण से नई पहचान मिली है तथा नक्सलवाद और उग्रवाद से छुटकारा मिला है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भी सुनिश्चित हुआ। आज देश को कोई दबा नहीं सकता और भारत विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि अरुणाचल में चीन सीमा पर छह लेन चौड़ी सड़क का निर्माण हुआ है। विकास की गाथा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम सभी को करना है। सनातन भारत का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है।

अटूट संकल्प के सामने हर बाधा हुई आसान : पंकज चौधरी
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस व निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक का मार्ग चुनौतीपूर्ण था और सुरक्षा को लेकर प्रारंभिक चिंताएं भी थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं के अटूट संकल्प और उत्साह के सामने हर बाधा आसान हो गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन हम कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक सेवा से जुड़ी लघुफिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का बुके और अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया।

मंचासीन रहे
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा हेमांग जोशी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र राय, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, टी. राम, सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल, डॉ. अवधेश सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया आदि मंचासीन रहे।

इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह राय, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, बीजेपी महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विद्यासागर राय, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, विपिन सिंह, राकेश शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, अजीत रावत, विद्याधर तिवारी, जगदीश त्रिपाठी, मधुकर चित्रांश, विकास बागी, संतोष सोलापुरकर, गौरव राठी, देवेंद्र मौर्या, प्रवीण सिंह गौतम, पूजा दीक्षित, शैलेंद्र मिश्रा, अजय गुप्ता, जेपी सिंह, अश्वनी तूफानी, संजय सोनकर, रजत जायसवाल, अमन सोनकर आदि मौजूद रहे।