पीएम मोदी काशीवासियों को देंगे 7000 करोड़ की सौगात, 100 से अधिक परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रैल के अंत में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। प्रधानमंत्री काशीवासियों को 7000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। 100 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासन तैयारी में जुटा है। कार्यक्रम स्थल को लेकर तैयारी के साथ ही परियोजनाओं की सूची भी तैयार कराई जा रही है।
पश्चिम बंगाल चुनाव का प्रचार थमने के बाद प्रधानमंत्री दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर आ सकते हैं। बरेका में रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं जनसभा कराने की भी योजना है। उसी दौरान प्रधानमंत्री वाराणसी की तमाम परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएम बाबा विश्वनाथ और कालभैरव का दर्शन भी कर सकते हैं।
पीएम गंगा किनारे रामनगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सहित कई परियोजनाएं मिलेंगी। अमृत 2.0 योजना के तहत नगर निगम के वरूणा पार, रामनगर और सूजाबाद सहित 18 वार्डों में 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसकी मदद से पेयजल का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा 651 किलोमीटर की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे तीन लाख लोग लाभान्वित होंगे। 98 करोड़ की लागत से बनने वाले नगर निगम के नए सदन भवन की भी नींव रखी जाएगी।