पुलिस लाइन से नमोघाट के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, गेट पर पुष्पवर्षा और शंखनाद से स्वागत, ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा इलाका
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पुलिस लाइन से नमोघाट के लिए रवाना हुए। यहां गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के विशेष हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ में उनके शामिल होने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री के प्रस्थान से पहले पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं तिरंगा लेकर जुटीं। उनके पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से परिसर गूंज उठा।
पुलिस लाइन के गेट पर सुबह से ही प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह दिखाई दिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए महिलाएं उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रही थीं। प्रधानमंत्री के पहुंचने पर महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और नारे लगाए। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रधानमंत्री यहां से नमोघाट के लिए रवाना हुए।
आठ स्थानों पर स्वागत की तैयारी
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा की ओर से शहर में आठ प्रमुख स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई। विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। स्वागत के लिए शंखनाद, पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों की व्यवस्था की गई, ताकि काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जा सके।
पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिलाओं की मौजूदगी और जयघोष के बीच स्वागत का माहौल नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर पहुंचीं महिलाओं ने प्रधानमंत्री के प्रति उत्साह प्रदर्शित किया।
नमोघाट पर देखेंगे वायुसेना का एयर शो
पुलिस लाइन से रवाना होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमोघाट पहुंचेंगे, जहां भारतीय वायुसेना का विशेष हवाई प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। ‘विंग्स ओवर गंगा’ के तहत गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब प्रदर्शित किए जाएंगे। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम देश की हवाई शक्ति और विमानन क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया है।