PM Modi पहुंचे वाराणसी, वायुसेना के एयर शो में होंगे शामिल, अरविंद मिल का करेंगे उद्घाटन, काशी में होगा भव्य स्वागत
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार की सुबह वाराणसी पहुंचे। पीएम नमो घाट पर वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे। वहीं मिर्जामुराद के खोचवां में 150 करोड़ की लागत से बनकर तैयार अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी का ढोल-नगाड़े, शंखनाद और गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत किया जाएगा। पीएम के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट है।
प्रधानमंत्री का विमान लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से खोचवां पहुंचे। पीएम 150 करोड़ की लागत से निर्मित अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। सात एकड़ में फैले मिल में लगभग एक हजार महिलाओं को रोजगार मिलेगा। इस मिल में अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, लोवर समेत अन्य तरह के कपड़े तैयार किए जाएंगे, जिनका निर्यात किया जाएगा।
खोचवां से प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलिपैड पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे। 12 स्थानों पर पीएम का भव्य स्वागत किया जाएगा। प्रधानमंत्री वायुसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एरियल डिस्प्ले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
रक्षामंत्री व सीएम योगी एक दिन पहले पहुंचे
वायुसेना के एयर शो में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत राजनीतिक दिग्गज शामिल होंगे। रक्षामंत्री, सीएम व डिप्टी सीएम एक दिन पहले शनिवार की शाम ही वाराणसी पहुंच गए। वीवीआईबी मूवमेंट को लेकर वाराणसी प्रशासन अलर्ट है। शहर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस की ओर से जगह-जगह रूट डायवर्जन और नो-एंट्री लागू की गई है। वहीं जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की जा रही है।