पांडेयपुर फ्लाईओवर के पिलर और सीलिंग की होगी पेंटिंग, बनेंगे वेंडिंग जोन और फूड प्लाजा
वाराणसी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने पांडेयपुर फ्लाईओवर और इसके आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों और सुधारों के निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि पांडेयपुर फ्लाईओवर के पिलर और सीलिंग की पेंटिंग की जाएगी। लटके हुए तारों को व्यवस्थित कर लाइटें क्रियाशील की जाएंगी। फ्लाईओवर के नीचे टू-व्हीलर पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा। फ्लाईओवर के नीचे धंसे हुए फर्श की मरम्मत और पिलर की पेंटिंग की जाएगी। वेंडिंग ज़ोन विकसित किया जाएगा।
फ्लाईओवर के नीचे सफाई, तारों को व्यवस्थित करना, और रेलिंग की मरम्मत होगी। जगह-जगह धंसे हुए इंटरलॉकिंग फर्श को ठीक किया जाएगा। वेंडिंग ज़ोन और फूड प्लाजा बनाए जाएंगे। फ्लाईओवर के नीचे पुलिस लाइन से सुधाकर महिला कॉलेज तक किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए।
आशापुर से हवेलिया चौराहे तक सड़क के दाहिने हिस्से में ग्रीन फील्ड विकसित किया जाएगा। पाथवे, बैठने के लिए बेंच, और सुनियोजित फूड स्ट्रीट का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, मुख्य अभियंता स्मार्ट सिटी और अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।