एयर शो के लिए घाटों तक पहुंचने में लोगों को हो आसानी, अनावश्यक रोकटोक और बैरिकेडिंग न करें : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की
घाटों पर 200 मोबाइल टॉयलेट, 280 वाटर टैंकर और 200 सफाई वॉलंटियर तैनात करने की तैयारी
प्रधानमंत्री के आगमन और रविवार को होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश
सीएम ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में जमा कूड़ा हटाने पर भी दिया जोर
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और रविवार को नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भारी भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, लेकिन आम जनमानस की आवाजाही में अनावश्यक बाधा न आने पाए। मुख्यमंत्री ने घाटों तक लोगों की पहुंच आसान बनाए रखने और बेवजह बैरिकेडिंग से बचने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ संचालित किया जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान चिह्नित करने, रूट डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा घाटों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।
घाटों पर सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी गंगा घाटों पर अतिरिक्त सफाई कराने के साथ पर्याप्त संख्या में शौचालय और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही 200 मोबाइल टॉयलेट, 280 वाटर टैंकर और घाटों सहित प्रमुख मार्गों पर दो हजार डस्टबिन रखने की व्यवस्था की गई है। सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 200 सफाई वॉलंटियर भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने शहर की समग्र स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में जमा कूड़े को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के दौरान शहर में आने वाले लोगों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन से बताईं तैयारियां
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला प्रशासन तथा पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के साथ भीड़ के दबाव को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा से लेकर यातायात तक समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के दृष्टिगत गंगा घाटों समेत सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। पार्किंग, रूट डायवर्जन और आम लोगों की आवाजाही को लेकर ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा के साथ जनसुविधाओं का भी ध्यान रखा जा सके।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टांप मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी राय धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे। इनके अलावा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।