वाराणसी से पल्लवी पटेल की ‘रोजगार भागीदारी यात्रा’ का आगाज, विधायक बोलीं- बीजेपी को हराने वाली ताकत के साथ रहूंगी
कृष्णा पटेल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को किया रवाना, आठ दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी यात्रा, अखिलेश से गठबंधन पर बोलीं- बातचीत के दौर में सकारात्मक परिणाम निकलेंगे
वाराणसी। अपना दल (कमेरावादी) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच गुरुवार को वाराणसी से ‘रोजगार भागीदारी यात्रा’ का आगाज किया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकली यह यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए आठ दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी। इस दौरान पल्लवी पटेल ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और रोजगार, सामाजिक न्याय तथा पिछड़े वर्गों की भागीदारी का मुद्दा उठाया।
यात्रा रवाना होने के बाद विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि मौजूदा सरकार में सम्मान और भागीदारी सुनिश्चित नहीं है। भाजपा सरकार पांच ट्रिलियन डॉलर की केंद्रीय अर्थव्यवस्था और एक ट्रिलियन डॉलर की प्रदेश की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य बता रही है, लेकिन ये लक्ष्य धरातल पर उतरने के बजाय सुखद स्वप्न साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था गहरे संकट में है। आंकड़ों में प्रति व्यक्ति आय बढ़ने और अर्थव्यवस्था बदलने की बात कही जा रही है, लेकिन इसका लाभ नए उद्योगों और रोजगार के अवसरों के रूप में दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में न नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और न ही रोजगार का पर्याप्त सृजन हो रहा है। जहां अवसर उपलब्ध हैं, वहां भी लोगों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय इसका उदाहरण है। सरकार सरकारी उपक्रमों को घाटे का सौदा बताकर बंद कर रही है, ताकि लोगों को भागीदारी न देनी पड़े। उन्होंने संविदा नियुक्तियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि युवाओं से सरकारी काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें स्थायी सरकारी कर्मचारी बनने का अवसर नहीं दिया जा रहा। पल्लवी पटेल ने इसे संविधान प्रदत्त समान अवसर के अधिकार के विपरीत बताया।
गठबंधन और चुनाव को लेकर भी रखी बात
अखिलेश यादव के साथ गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों पर पल्लवी पटेल ने कहा कि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत के दौर में सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। उन्होंने कहा कि वह उस ताकत के साथ रहेंगी, जो भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी।
ओवैसी और चंद्रशेखर की रैलियों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने दोनों को शुभकामनाएं दीं। अपने चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका राजनीतिक वजूद सिराथू से है और वह इस बार भी सिराथू विधानसभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगी।
इन जिलों से होकर लखनऊ पहुंचेगी यात्रा
पल्लवी पटेल ने बताया कि रोजगार भागीदारी यात्रा वाराणसी से शुरू होकर मिर्जापुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, बाराबंकी, सीतापुर, रायबरेली, पीलीभीत और बरेली होते हुए आठ दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से रोजगार, सामाजिक भागीदारी, संवैधानिक अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा।