रोजगार और भागीदारी के मुद्दे पर पल्लवी पटेल की बाइक यात्रा, राजातालाब से जौनपुर के लिए रवाना हुआ काफिला, 8 दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव

“रोजगार एवं भागीदारी नहीं, तो सरकार नहीं” के नारे के साथ अपना दल (कमेरावादी) की प्रदेशव्यापी रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा शनिवार को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के राजातालाब से आगे बढ़ी। पार्टी की शीर्ष नेता और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा के माध्यम से रोजगार, राजनीतिक भागीदारी और युवाओं के अधिकारों का मुद्दा उठाया जा रहा है। यात्रा का अंतिम पड़ाव आठ दिसंबर को लखनऊ निर्धारित है, जहां विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
 

वाराणसी। “रोजगार एवं भागीदारी नहीं, तो सरकार नहीं” के नारे के साथ अपना दल (कमेरावादी) की प्रदेशव्यापी रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा शनिवार को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के राजातालाब से आगे बढ़ी। पार्टी की शीर्ष नेता और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा के माध्यम से रोजगार, राजनीतिक भागीदारी और युवाओं के अधिकारों का मुद्दा उठाया जा रहा है। यात्रा का अंतिम पड़ाव आठ दिसंबर को लखनऊ निर्धारित है, जहां विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

शनिवार को राजातालाब से शुरू होकर यात्रा जंसा चौराहा और कपसेठी चौराहा होते हुए पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसके बाद यात्रा जौनपुर के मड़ियाहूं के लिए रवाना हुई। यहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है। यात्रा की शुरुआत संविधान दिवस के अवसर पर सारनाथ से हुई थी। इसके बाद यह विभिन्न जिलों से होते हुए लखनऊ पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था और जीडीपी में वृद्धि का दावा करती है, लेकिन युवाओं का सवाल है कि रोजगार कहां है, नए अवसर कहां हैं और नए उद्योग कहां स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के नए अवसर पैदा नहीं हो रहे हैं और पहले से रिक्त पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रही है, लेकिन नौजवानों को रोजगार देने के नाम पर बजट की कमी बताई जाती है। उनके मुताबिक, इसी असमानता और रोजगार के सवाल को लेकर यह यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने युवाओं से जाति और वर्ग से ऊपर उठकर अपने अधिकारों तथा राजनीतिक भागीदारी के लिए एकजुट होने की अपील की।

पल्लवी पटेल ने दावा किया कि चंदौली, मिर्जापुर और वाराणसी सहित यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले जिलों में युवाओं का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर को लखनऊ में होने वाला विधानसभा घेराव इस अभियान का अंतिम पड़ाव होगा, जिसमें बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा और आम लोग शामिल होंगे।


सिराथू विधानसभा सीट से आगामी चुनाव में किस चुनाव चिह्न पर उतरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न ही रहेगा। उन्होंने कहा कि वह सिराथू की जनता के बीच सिर झुकाकर जाएंगी।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. गंगाराम यादव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल, प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश प्रधान, रामशिला एडवोकेट, अभय पटेल, गुरुपुरन पटेल और संदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।