नीट में कथित धांधली के विरोध में पल्लवी पटेल का धरना-प्रदर्शन का ऐलान, बीएचयू सिंह द्वार पर पुलिस का कड़ा पहरा, पुलिस आयुक्त ने संभाला मोर्चा

नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल द्वारा सोमवार को बीएचयू के सिंह द्वार (लंका) के सामने विरोध प्रदर्शन के ऐलान के बाद कमिश्नरेट पुलिस हाईअलर्ट पर है। बीएचयू सिंह द्वार समेत शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, पीएसी और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभाला। 
 

वाराणसी। नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल द्वारा सोमवार को बीएचयू के सिंह द्वार (लंका) के सामने विरोध प्रदर्शन के ऐलान के बाद कमिश्नरेट पुलिस हाईअलर्ट पर है। बीएचयू सिंह द्वार समेत शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, पीएसी और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभाला। 

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में सिंह द्वार से प्रदर्शन मार्च निकालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय तक जाने की योजना बनाई गई थी। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया था। पुलिस द्वारा पार्टी के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नजरबंद (हाउस अरेस्ट) किए जाने की भी सूचना है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

डॉ. पल्लवी पटेल को वाराणसी पहुंचने से रोकने के लिए जौनपुर के हौज टोल प्लाजा पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। हालांकि वह पुलिस को चकमा देकर खेतों के रास्ते पैदल निकल गईं और बाद में ऑटो रिक्शा के माध्यम से बाबतपुर पहुंचने में सफल रहीं। उनके इस कदम के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता और बढ़ गई।

बीएचयू सिंह द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौजूद रहे। मौके पर पुलिस आयुक्त के साथ अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी नीतू समेत कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेते हुए आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही थी।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा बलों को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बीएचयू सिंह द्वार क्षेत्र में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या जुलूस की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह प्रदर्शन के उद्देश्य से पहुंचता है तो पहले उसे समझाया जाएगा। इसके बावजूद यदि वह नहीं मानता है तो नियमानुसार उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।