नमो से अस्सी घाट तक पेंटिंग, स्पाइरल लाइटिंग से जगमगाएंगे प्रमुख मार्ग, सीएम योगी ने एयर शो की तैयारियों के बाबत दिए अहम निर्देश 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट, सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि आम नागरिकों और विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 

सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

पीएम के दौरे और एयर शो की तैयारियों का जाना हाल, अधिकारियों से बिंदुवार ली जानकारी

300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और तीन हजार सफाईकर्मियों की होगी तैनाती 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट, सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि आम नागरिकों और विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

आपात स्थिति के लिए बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने और प्रमुख स्थानों पर साइनेज लगाने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों पर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने तथा सरकारी और निजी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए। घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और लाइफ जैकेट की व्यवस्था करने के साथ मोबाइल टॉयलेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

स्वयंसेवकों की ली जाएगी मदद
एयर शो और नगर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों एवं कार्यक्रमों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं को भी व्यवस्थाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उनका उद्देश्य भीड़ प्रबंधन और नागरिकों की सहायता में प्रशासन को अतिरिक्त सहयोग उपलब्ध कराना है।

 

घाटों की सफाई और शहर के सुंदरीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने के साथ पूरे शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। नमो घाट से अस्सी घाट तक घाटों की पेंटिंग कराने को कहा। एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और चौराहों का सुंदरीकरण कराने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को निर्देशित किया।

अधिकारियों ने प्रस्तुत किया तैयारियों का ब्योरा
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशासनिक एवं पुलिस तैयारियों की जानकारी दी। सीएमओ एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से अवगत कराया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों से सिल्ट हटाने, 300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और तीन हजार सफाईकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है।

बैठक में रहे मौजूद
मीटिंग में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, एडीजी नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, सीडीओ प्रखर कुमार सहित वायु सेना और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।