वार्ड प्रवास में सख्त दिखे विधायक नीलकंठ तिवारी, मलबा देख अधिकारियों को लगाई फटकार, 400 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के आठवें दिन रविवार को ईश्वरगंगी वार्ड में जनता से सीधा संवाद देखने को मिला। क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर मलबे का ढेर और एक स्थानीय व्यक्ति की खाली जमीन पर नगर निगम की ओर से मलबा डाले जाने की शिकायत मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही संबंधित कर्मियों और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एक दिन के भीतर मलबा हटाने के निर्देश दिए। वहीं, बाद में आयोजित लाभार्थी शिविर में 400 से अधिक लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लिया और पंजीकरण कराया।
 

वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के आठवें दिन रविवार को ईश्वरगंगी वार्ड में जनता से सीधा संवाद देखने को मिला। क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर मलबे का ढेर और एक स्थानीय व्यक्ति की खाली जमीन पर नगर निगम की ओर से मलबा डाले जाने की शिकायत मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही संबंधित कर्मियों और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एक दिन के भीतर मलबा हटाने के निर्देश दिए। वहीं, बाद में आयोजित लाभार्थी शिविर में 400 से अधिक लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लिया और पंजीकरण कराया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान सुनीं शिकायतें, मौके पर दिए समाधान के निर्देश
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ईश्वरगंगी वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और साथ चल रहे विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। छोटी-छोटी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराने का प्रयास किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राथमिकता से दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

मलबे के ढेर पर जताई नाराजगी, नगर निगम को चलाने को कहा विशेष अभियान
भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर सड़क किनारे पड़े मलबे और एक व्यक्ति की निजी जमीन पर नगर निगम की ओर से मलबा डाले जाने की शिकायत सामने आई। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को एक दिन के भीतर मलबा हटाने का निर्देश दिया। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों से पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर मलबा हटाने और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।

वरिष्ठजनों से मिले, पार्क में किया पौधरोपण और जनचौपाल भी लगाई
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक ने रास्ते में मिलने वाले लोगों का हालचाल जाना और कई वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम पूछा। क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के एक पार्क में पांच पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके बाद जनचौपाल आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों से क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं पर सुझाव लिए।

लाभार्थी शिविर में उमड़ी भीड़, विभिन्न योजनाओं के लिए कराया गया पंजीकरण
वार्ड प्रवास के बाद कबीर नगर स्थित सामुदायिक भवन में लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। बड़ी संख्या में लोगों ने आयुष्मान योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं, आवास योजना, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य सुविधाओं के लिए आवेदन और पंजीकरण कराया।

लाभार्थियों को वितरित किए चेक और स्वीकृति पत्र, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
शिविर में विधायक ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक, क्रेडिट कार्ड और स्वीकृति पत्र वितरित किए। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण, खाद्य विभाग, नगर निगम, बिजली विभाग सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में सहायता की।

प्रत्येक रविवार लगेगा लाभार्थी शिविर
शिविर में कुल 400 से अधिक लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। विधायक ने बताया कि वार्ड प्रवास अभियान के दौरान आगामी 2 अक्टूबर तक प्रत्येक रविवार को इसी प्रकार लाभार्थी शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ गुप्ता, राजीव सिंह, पूर्व अध्यक्ष संदीप चौरसिया, मनोज यादव, अंकुर मल्होत्रा, पार्षद अक्षयबर सिंह, रतनदेव सिंह, शशि केशरी, भावना अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

देखें तस्वीरें