लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, वाराणसी में 43 केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल
वाराणसी। जिले में 21 मई गुरुवार को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण पूरा कर लिया गया है और वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। जिलाधिकारी के अनुसार परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से लेकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी तक हर स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अव्यवस्था की संभावना को रोका जा सके। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अन्य जिलों और दूरदराज क्षेत्रों से वाराणसी पहुंचेंगे। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।