वाराणसी जोन में 'ऑपरेशन शिकंजा' सुपरहिट, 34 दिन में 39 इनामी अपराधी गिरफ्तार
50 हजार के 10 और 25 हजार के 26 इनामी समेत लंबे समय से फरार अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा
चंदौली पुलिस ने सर्वाधिक 17 इनामी दबोचे, गाजीपुर में 5 और जौनपुर-सोनभद्र में 4-4 गिरफ्तार
एडीजी जोन नवीन अरोड़ा ने डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण और एसपी चंदौली आकाश पटेल को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
वाराणसी। वाराणसी जोन में अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे इनामी बदमाशों के खिलाफ चलाया गया विशेष अभियान 'ऑपरेशन शिकंजा' बड़ी कामयाबी लेकर आया है। नए एडीजी जोन नवीन अरोड़ा के कार्यभार संभालने के बाद अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए शुरू किए गए इस अभियान के तहत महज 34 दिनों में पुलिस ने 39 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अपर पुलिस महानिदेशक कार्यालय, वाराणसी जोन की ओर से 31 अगस्त को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 29 जुलाई से 31 अगस्त तक चलाए गए 'ऑपरेशन शिकंजा' में जोन के विभिन्न जिलों की पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान 50 हजार रुपये के 10, 25 हजार रुपये के 26, 20 हजार रुपये का एक और 10 हजार रुपये के दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। ये अपराधी डकैती, लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, फिरौती के लिए अपहरण, गो-तस्करी, शराब और मादक पदार्थों की तस्करी तथा गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
चंदौली पुलिस ने मारी बाजी, 17 इनामी गिरफ्तार
'ऑपरेशन शिकंजा' में सबसे बड़ी सफलता चंदौली पुलिस के खाते में आई। चंदौली पुलिस ने अकेले 17 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा गाजीपुर पुलिस ने 5, जौनपुर और सोनभद्र पुलिस ने 4-4 तथा मीरजापुर, भदोही और आजमगढ़ पुलिस ने 3-3 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया।
इस तरह अभियान के दौरान वाराणसी जोन में कुल 39 इनामी अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी आकाश पटेल सम्मानित
अभियान में शानदार प्रदर्शन करने पर एडीजी जोन नवीन अरोड़ा ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। चंदौली पुलिस ने अभियान के दौरान सर्वाधिक 17 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी की।
वहीं, पूरे ऑपरेशन की प्रभावी मॉनिटरिंग करने वाले डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके कुशल पर्यवेक्षण में वाराणसी रेंज में 26 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। 'ऑपरेशन शिकंजा' के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि गंभीर अपराधों में फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।