वाराणसी और गोरखपुर में होगी अग्निवीर की ऑनलाइन लिखित परीक्षा, ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी करेंगे निगरानी

अग्निवीर सेना भर्ती की ऑनलाइन लिखित परीक्षा को लेकर सेना भर्ती कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी निगरानी करेंगे। सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाया गया है।
 

वाराणसी। अग्निवीर सेना भर्ती की ऑनलाइन लिखित परीक्षा को लेकर सेना भर्ती कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारी निगरानी करेंगे। सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाया गया है।

कर्नल शैलेष कुमार ने बताया कि वाराणसी में इस बार 9 और गोरखपुर में सात केंद्र बनाए गए हैं। पिछली भर्ती प्रक्रिया की तुलना में इस बार एक जिले को कम कर दिया गया है। पिछली बार वाराणसी, गोरखपुर और आजमगढ़ में परीक्षा आयोजित हुई थी, लेकिन इस बार दोनों जिलों को मिलाकर वाराणसी और गोरखपुर में ही केंद्र बनाए गए हैं।

ऑनलाइन लिखित परीक्षा 12 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। दोनों में मिलाकर लगभग 1.8 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सभी अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। अधिकारियों के मुताबिक जिन अभ्यर्थियों ने एक साथ दो ट्रेड के लिए आवेदन किया है, उनके लिए अलग-अलग तिथियों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि वे दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकें। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।