चौबेपुर में श्रद्धालुओं को वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी के पास सड़क हादसे में श्रद्धालुओं को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई है।
एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि चौबेपुर थाने को सूचना मिली थी कि कैथी के पास अज्ञात वाहन ने श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे में घायल दो लोगों का इलाज पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक घायल को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना की जांच के साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।