वाराणसी में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, एक की मौत, कई घायल

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। 
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के समीप शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब दर्शनार्थियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत दर्जनों लोग घायल हो गए। दो से तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार झारखंड के रांची जनपद के लातेहार थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंदी गांव के मजदूर कपसेठी क्षेत्र के अर्जुनपुर स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। शुक्रवार भोर में सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिर्जापुर के अदलपुर स्थित मां शीतला धाम दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय लालपुर से तख्खू बउली मार्ग पर एक तीव्र मोड़ के पास ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रॉली सहित वाहन गड्ढे में पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय व दरोगा मधुसूदन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।

गंभीर रूप से घायल रिंकू लोहारा (23) को ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। वह अपने परिवार का सबसे बड़ा सदस्य था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे दो वर्ष की एक बच्ची है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।