नमो घाट पर घूमने आए सैलानियों को सुरक्षाकर्मियों ने डंडे और रॉड से पीटा, एक की मौत, कई घायल चार गार्ड गिरफ्तार
वाराणसी। नमो घाट पर शनिवार की रात घूमने आए पर्यटकों के साथ सुरक्षाकर्मियों ने मारपीट की। इसमें एक किशोर को गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई। मारपीट में कई अन्य को चोटें भी आई हैं। सूचना के बाद पहुंची आदमपुर पुलिस ने चार गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
युवकों के अनुसार सोनभद्र के रायगढ़ थाना के पड़री गांव निवासी युवक दवा लेने वाराणसी आए थे। देर रात करीब एक बजे सभी नमो घाट पर घूमने गए। उसी दौरान हाईवे सिक्योरिटी के एक गार्ड से युवकों की कहासुनी हो गई। घाट पर कुछ समय बीताने के बाद युवक वापस जाने लगे। उसी दौरान घाट के ऊपर ढलान पर पहुंचने पर 10-12 की संख्या में पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने डंडे और रॉड से पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से पड़री निवासी राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू बेहोश हो गया। वहीं कई अन्य युवक घायल हो गए। उनमें से एक युवक भागकर पुलिस के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजवाया। वहां चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का उपचार किया गया।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद चार सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की छानबीन की जा रही है। घटना में जो अन्य लोग शामिल होंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।