विश्व पर्यावरण दिवस पर वाराणसी में हरित क्रांति का संकल्प, 694 ग्राम पंचायतों में लगाए गए 2.92 लाख पौधे
वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वाराणसी में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। ग्राम्य विकास विभाग, पंचायत राज विभाग तथा अन्य विभागों के संयुक्त प्रयास से जिले की सभी 694 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कुल 2 लाख 92 हजार पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
विकास खंड बड़ागांव की ग्राम पंचायत सगुनहा में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर पिंडरा विधायक अवधेश सिंह भी उपस्थित रहे। वहीं विकास खंड काशी विद्यापीठ की ग्राम पंचायत अमराखैराचक में राज्य मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) हंसराज विश्वकर्मा ने पौधे लगाए। ग्राम पंचायत घाटमपुर में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की मौजूदगी में वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जनपद के अन्य विकास खंडों में भी जनप्रतिनिधियों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों और स्थानीय नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वन विभाग ने सभी विभागों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए।
इसी क्रम में 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने भी विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया। उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में वाराणसी मुख्यालय सहित साहूपुरी (चंदौली), गोरखपुर, लखनऊ और भोपाल स्थित क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्रों में लगभग 1500 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। इस दौरान एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि बढ़ता समुद्री जलस्तर, भीषण गर्मी, अनियमित वर्षा, वनाग्नि और ग्लेशियरों का पिघलना जलवायु परिवर्तन के गंभीर संकेत हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उधर भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने गुलाब बाग स्थित कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि यह अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम है। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर मिठाई वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं भी दी गईं। अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।