सावन के तीसरे सोमवार शिवभक्तों की उमड़ेगी भीड़, काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले सभी मार्ग नो-व्हीकल जोन
वाराणसी। सावन के तीसरे सोमवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने धाम की ओर जाने वाले सभी मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया है। प्रशासन के अनुसार 15 अगस्त की छुट्टी के कारण इस बार सावन के तीसरे सोमवार पर पिछले सोमवार की अपेक्षा करीब दोगुनी भीड़ पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रविवार रात से सोमवार सुबह छह बजे तक मैदागिन, सोनारपुरा-मदनपुरा और गोदौलिया की ओर से आने वाले मार्गों पर वाहनों का संचालन बंद रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को पैदल ही धाम तक पहुंचना होगा।
प्रशासन ने बताया कि मैदागिन-चौक-गोदौलिया मार्ग राजेंद्र प्रसाद घाट और गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक तथा लक्सा से रामापुरा तक के मार्ग नो-व्हीकल जोन में रहेंगे। सोमवार सुबह आठ बजे के बाद मोहनसराय-चांदपुर चौराहे की ओर से वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया जाएगा।
इसके साथ ही गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय, मुढैला तिराहा से चांदपुर तक बाई लेन सावन में केवल कांवड़ वाहनों के लिए आरक्षित रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने और निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।