सावन के तीसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ेंगे शिवभक्त, श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था 

श्रावण मास के तृतीय सोमवार और नागपंचमी के पर्व पर काशी में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को मैदागिन से गोदौलिया और गंगाघाट तक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की जमीनी स्थिति परखी। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
 

मैदागिन से गोदौलिया होते हुए गंगा घाटों पर भ्रमण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को लेकर दिए निर्देश 

चार प्रमुख प्रवेश द्वारों से बाबा विश्वनाथ के दर्शन की व्यवस्था, कांवड़ मार्ग से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने के निर्देश

भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ तैनात रहेगी क्यूआरटी, महिला श्रद्धालुओं की फ्रिस्किंग कराएंगी महिला पुलिसकर्मी

पुलिस आयुक्त का निर्देश- श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें पुलिसकर्मी, यातायात नियम तोड़ने वालों पर हो प्रभावी कार्रवाई


वाराणसी। श्रावण मास के तृतीय सोमवार और नागपंचमी के पर्व पर काशी में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को मैदागिन से गोदौलिया और गंगाघाट तक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की जमीनी स्थिति परखी। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।


चार द्वारों से दर्शन की व्यवस्था
श्रद्धालुओं को नंदू फेरिया, बांस फाटक, त्रिपुरा भैरवी गली और सिल्को गली द्वार से मंदिर में प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को इन मार्गों पर लगातार निगरानी रखने और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

श्रद्धालुओं से संवाद, सुरक्षित स्नान की अपील
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने श्रद्धालुओं से फ्लोटिंग वाटर बैरिकेडिंग के भीतर निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करने और गंगाजल लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


कांवड़ मार्ग से हटेंगे अतिक्रमण
पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधक अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन कर जाम और अव्यवस्था पैदा करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।


पुलिसकर्मियों को शालीन व्यवहार के निर्देश
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार रखने को कहा गया। श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर संबोधित करने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की फ्रिस्किंग केवल महिला पुलिसकर्मियों से कराने और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।


कल होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
श्रावण मास के तृतीय सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इससे काशी में श्रद्धा और उत्साह का माहौल और भव्य होने की उम्मीद है।


निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात/सुरक्षा अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।