76 दिवसीय वार्ड प्रवास के दूसरे दिन कमलगढ़हा पहुंचे विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, मौके पर सुनीं लोगों की समस्याएं

वाराणसी। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के दूसरे दिन सोमवार को कमलगढ़हा वार्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देकर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
 
जर्जर बिजली पोल और सीवर की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर हो चुके बिजली के पोल और कई स्थानों पर ऊपर-नीचे हो चुके सीवर चैंबर की समस्या विधायक के सामने रखी। शिकायत मिलते ही डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मौके पर मौजूद बिजली विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

घर-घर जाकर जाना लोगों का हालचाल
प्रवास के दौरान विधायक ने क्षेत्र के कई परिवारों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर क्षेत्र की अन्य समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वार्ड प्रवास के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पांच पौधे भी लगाए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यकर्ता और अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर नाथ बंटी, बृजेश जायसवाल, राहुल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।