संतान प्राप्ति व जमीन में दबा सोना निकलवाने का झांसा देकर बाबा ने झंस लिए लाखों रुपये, चेला धराया, 1.85 लाख बरामद

कपसेठी थाना क्षेत्र में संतान प्राप्ति और जमीन में दबे सोने का लालच देकर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका कथित गुरु अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके हिस्से में आई ठगी की रकम में से 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
 

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में संतान प्राप्ति और जमीन में दबे सोने का लालच देकर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका कथित गुरु अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके हिस्से में आई ठगी की रकम में से 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गोविंद गुप्ता की शिकायत पर कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान आरोपी श्याम सिंह का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे 12 अगस्त को कुरु तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।

संतान प्राप्ति का दिया झांसा
पुलिस पूछताछ में श्याम सिंह ने बताया कि वह सुल्तानपुर निवासी राजेश सिंह उर्फ माया प्रकाश सिंह के साथ गोविंद के गांव में राजकुमार के घर गया था। इसी दौरान बातचीत में गोविंद ने पत्नी को संतान नहीं होने की बात बताई। आरोप है कि दोनों ने इसी बात को आधार बनाकर उसे विश्वास में लिया और बताया कि उनके कथित गुरु पूजा-पाठ कराएंगे तो संतान की प्राप्ति हो सकती है।

पुलिस के मुताबिक, पूजा-पाठ के नाम पर विश्वास हासिल करने के बाद आरोपियों ने गोविंद को जमीन में दबे सोने का लालच दिया। दावा किया गया कि एक स्थान पर सोने की मूर्ति और सिक्के दबे हुए हैं, जिन्हें विशेष पूजा और अन्य खर्च के बाद निकालकर उसे दे दिया जाएगा।

अलग-अलग किस्तों में लिए लाखों रुपये
आरोप है कि इस झांसे में आकर गोविंद ने अलग-अलग तारीखों में 30 हजार रुपये, एक लाख रुपये और 11 लाख 11 हजार 111 रुपये दिए। इसके बाद आरोपियों ने सोने की मूर्ति बताकर कथित रूप से पीतल की दुर्गा माता की मूर्ति थमा दी। इस तरह उससे लाखों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप है। पूछताछ में श्याम सिंह ने पुलिस को बताया कि ठगी की रकम में से उसके हिस्से में 1.85 लाख रुपये आए थे, जबकि बाकी रकम के साथ चेन और अंगूठी कथित गुरु राजेश सिंह उर्फ माया प्रकाश सिंह लेकर चला गया।


घर की आलमारी से बरामद हुए रुपये
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी श्याम सिंह को प्रतापगढ़ स्थित उसके घर ले गई। उसकी निशानदेही पर घर की आलमारी से 1.85 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कपसेठी थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्या ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस फरार आरोपी राजेश सिंह की तलाश के साथ उसके संभावित ठिकानों और भूमिका की जांच कर रही है। बरामदगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।