विश्व माहवारी दिवस पर नागेपुर में जागरुकता की अलख, बालिकाओं ने निकाली रैली, बांटे सेनेटरी पैड
वाराणसी। विश्व माहवारी दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में बुधवार को माहवारी स्वच्छता और महिला स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक समिति, आशा ट्रस्ट एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “मासिक उत्सव” में बड़ी संख्या में लड़कियों और महिलाओं ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर लोक समिति आश्रम से पंचायत भवन तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने माहवारी से जुड़े सामाजिक मिथकों को तोड़ने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
रैली के दौरान किशोरियां और महिलाएं “माहवारी पर चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ो”, “मां बनने पर गर्व है, फिर माहवारी पर क्यों शर्म है” और “पीरियड का खून नहीं, तुम्हारी सोच गंदी है” जैसे जागरूकता नारे लगा रही थीं। प्रतिभागियों के हाथों में महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े संदेश लिखे पोस्टर भी थे।
कार्यक्रम के तहत लोक समिति आश्रम में माहवारी स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों, सामाजिक संकोच और महिलाओं के प्रति भेदभाव पर चर्चा की गई। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि माहवारी महिलाओं के शरीर की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी समाज में इसे लेकर गलत धारणाएं फैली हुई हैं, जिन्हें बदलने की जरूरत है।
इस दौरान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की राजातालाब शाखा की ओर से लड़कियों और महिलाओं को 500 सेनेटरी पैड वितरित किए गए। वहीं डाबर कंपनी द्वारा ग्लूकोज और फेसवॉश देकर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। किशोरी संगठन की संयोजिका सोनी ने बताया कि आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लॉक के लगभग 70 गांवों में माहवारी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियां और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।