महिला दिवस पर ‘नई सुबह एक उम्मीद’ संस्था का सम्मान समारोह, महिलाओं को अधिकार व स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नई सुबह एक उम्मीद की ओर से नरिया वार्ड स्थित लाल बहादुर शिक्षण संस्थान इंटर कालेज में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनके योगदान का सम्मान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लंका थाने की एसआई निहारिका साहू, गायनोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली, अधिवक्ता पायल श्रीवास्तव और सुधा सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन संस्था की अध्यक्ष ममता ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित महिलाओं को तिलक लगाकर स्वागत करने के साथ हुई, जिससे वातावरण में उत्साह और सम्मान का भाव देखने को मिला।
मुख्य अतिथि निहारिका साहू ने महिलाओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत मदद लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अधिवक्ता पायल श्रीवास्तव ने महिलाओं को संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार, समाज और देश के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और महिला-पुरुष दोनों के समान योगदान से ही समाज की वास्तविक प्रगति संभव है।
कार्यक्रम में डॉ. सोनाली ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी और कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी साझा कीं। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार चौधरी ने भी महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संस्था की अध्यक्ष ममता ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की मजबूत नींव होती हैं। उनके सम्मान और सशक्तिकरण से ही समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हर दिन उन्हें समान सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका भी सम्मान किया गया। अंत में सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।