विजयदशमी पर नमामि गंगे ने रामघाट पर चलाया सफाई अभियान, गंदगी रूपी रावण के अंत का आह्वान

विजयदशमी के अवसर पर काशी के रामघाट पर नमामि गंगे की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान मां गंगा की आरती उतारी गई और भगवान श्रीरामचंद्र की तस्वीर के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान गंगा घाटों को साफ रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फेंकने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
 

मां गंगा की आरती उतारकर लिया स्वच्छता का संकल्प, राजेश शुक्ला बोले-साफ-सुथरी काशी बनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी

वाराणसी। विजयदशमी के अवसर पर काशी के रामघाट पर नमामि गंगे की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान मां गंगा की आरती उतारी गई और भगवान श्रीरामचंद्र की तस्वीर के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान गंगा घाटों को साफ रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फेंकने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि विजयदशमी केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में व्याप्त गंदगी और अस्वच्छता को दूर करने की प्रेरणा भी देता है। जिस तरह भगवान श्रीराम ने रावण का अंत कर धर्म की स्थापना की, उसी तरह लोगों को अपने आसपास फैली गंदगी को समाप्त करने के लिए आगे आना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाकर ही काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

गंदगी रूपी रावण का करें अंत
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि विजयदशमी हमें बुराइयों और अहंकार का अंत करने की सीख देती है। इसी भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन से गंदगी रूपी रावण का भी अंत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने लोगों से घर, मोहल्ले, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की। कहा कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालना, गंगा घाटों पर गंदगी नहीं फैलाना और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

गंगा की निर्मलता बनाए रखने का संकल्प
रामघाट पर मां गंगा की आरती के माध्यम से नदी की पवित्रता और निर्मलता बनाए रखने का आह्वान किया गया। नमामि गंगे की टीम ने लोगों से धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। अभियान में शामिल लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं गंदगी नहीं फैलाएंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास सफाई रखने की जिम्मेदारी निभाए, तो काशी को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम में अरुण त्रिपाठी, अरविंद पाण्डेय, राजाराम गुप्ता, रूबी पाण्डेय, सुधा त्रिपाठी, अथर्व त्रिपाठी और अभिषेक गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।