हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति में सराबोर हुई काशी, संकट मोचन में उमड़ा जनसैलाब

धार्मिक नगरी काशी में संकट मोचन हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। संकट मोचन हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। देश-विदेश से आए लाखों भक्तों ने बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया, जबकि श्रद्धालुओं का सिलसिला देर शाम तक जारी रहेगा।
 

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में संकट मोचन हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। संकट मोचन हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। देश-विदेश से आए लाखों भक्तों ने बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया, जबकि श्रद्धालुओं का सिलसिला देर शाम तक जारी रहेगा।

जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज स्थापना और विधि-विधान से आरती संपन्न हुई। घंटों-घड़ियालों की गूंज और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन का दौर भी लगातार चलता रहा। श्रद्धालुओं की टोलियां “सीताराम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के उद्घोष के साथ सामूहिक कीर्तन करती नजर आईं। इससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस पावन अवसर पर काशी में आस्था, उत्साह और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालु बाबा के चरणों में मत्था टेककर अपने जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते नजर आए।