गंगा सप्तमी पर दशाश्वमेध घाट पर भव्य आरती, मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर लोकमंगल की कामना की, उमड़े श्रद्धालु  

गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरे घाट पर भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
 

वाराणसी। गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरे घाट पर भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न किया गया। शुभ अवसर पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया, जिसके बाद षोडशोपचार पूजन विधिपूर्वक संपन्न हुआ। पूजन के सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए गए, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

इस दौरान मां गंगा और बाबा विश्वनाथ जी की अष्टधातु प्रतिमा का विशेष श्रृंगार भी किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, घंटों की मधुर ध्वनि और दीपों की रोशनी ने पूरे घाट को दिव्य स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।