गांधी-शास्त्री जयंती पर नगर निगम में गूंजा स्वच्छता का संकल्प, पांच सफाई मित्र सम्मानित
वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय में श्रद्धा और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
कार्यक्रम में महापौर ने पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता एवं सेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में उतारना भी है। निष्ठा, ईमानदारी और अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी से पालन कर ही एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाई जा सकती है।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी की धरती से पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया गया था। ऐसे में काशीवासियों का दायित्व है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वच्छता को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी न मानकर जनभागीदारी से अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
पांच सफाई मित्रों को मिला सम्मान
नगर की सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच सफाई मित्रों को कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्मानित सफाई मित्र रामजी, सचिन, चंदन, दीपू और अजय को दो दिनों के भीतर 5100-5100 रुपये का चेक भी उपलब्ध कराया जाए। महापौर ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके परिश्रम और योगदान को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान जरूरी है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता अरविंद्र सिंह, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, पार्षद श्याम आसरे मौर्य समेत कई पार्षद और नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे। संचालन भैयालाल ने किया। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापित किया।