गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया विशेष स्वच्छता अभियान, सीएमओ ने लगाई झाड़ू

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता और जनसेवा का संकल्प लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. एनपी सिंह समेत अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सीएमओ ने स्वयं झाड़ू लगाकर विशेष अभियान-6 का शुभारंभ किया।
 

वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता और जनसेवा का संकल्प लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. एनपी सिंह समेत अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सीएमओ ने स्वयं झाड़ू लगाकर विशेष अभियान-6 का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार एवं वर्तमान परिवेश में उनकी प्रासंगिकता’ विषय पर चर्चा हुई। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय, डॉ. राजेश प्रसाद, डॉ. एसएस कन्नौजिया, डॉ. सारिका राय और जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद्र पांडेय ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और जनकल्याण के विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन सादगी, सत्य, सेवा और अनुशासन की प्रेरणा देता है। स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है कि सरकार की लाभार्थीपरक स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाई जाए। समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले और कोई पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

डॉ. संजय राय ने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज की आधारशिला माना था। स्वच्छता केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ वातावरण जरूरी है। चिकित्सा संस्थानों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।

31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
सीएमओ ने बताया कि दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान-6 के तहत जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोष्ठी के बाद सीएमओ ने अधिकारियों के साथ कार्यालय परिसर में सफाई की। स्वास्थ्यकर्मियों ने कार्यस्थल को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।