धनतेरस पर काशी विश्वनाथ धाम में मां अन्नपूर्णा के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, खजाना प्रसाद पाने को लगी श्रद्धालुओं की कतार
देशभर से काशी पहुंचे भक्तों ने किए मां अन्नपूर्णा के दर्शन, सुख-समृद्धि और अन्न-धन की कामना की
सुबह से ही मंदिर परिसर में लगी रही भक्तों की भीड़, विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शृंगार के बाद हुई आरती
मंदिर में सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन ने किए इंतजाम
वाराणसी। धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को काशी विश्वनाथ धाम स्थित मां अन्नपूर्णा के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री काशी अन्नपूर्णा मंदिर में मां के दर्शन और परंपरागत ‘खजाना’ प्रसाद प्राप्त करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे भक्तों में खजाना प्रसाद पाने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर दिनभर मां के जयकारों और भक्ति के उल्लास से गूंजता रहा।
धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा की विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शृंगार किया गया। इसके बाद विधिवत आरती हुई। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अन्न-धन से परिपूर्ण रहने की कामना की। मान्यता है कि धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा के दर्शन और खजाना प्रसाद प्राप्त करना विशेष पुण्यकारी होता है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में भक्त काशी पहुंचे।
मां के खजाना प्रसाद को प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्सुकता रही। मंदिर प्रशासन की ओर से भक्तों की सुविधा, सुगम दर्शन और व्यवस्थित आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ मां के दर्शन और प्रसाद प्राप्त करते नजर आए। धनतेरस पर अन्नपूर्णा मंदिर में सुबह से ही धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।