सावन के अंतिम रविवार को पूरी रात फलाहार खीर का किया गया वितरण, 20 कुंतल दूध से बनी खीर, 18 वर्षों से जारी है सेवा परंपरा
वाराणसी। सावन माह के अंतिम रविवार को मैदागिन स्थित बुलानाला टाउनहॉल सब स्टेशन के नीचे कांवरियों और शिवभक्तों की सेवा के लिए भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। बाबा नरवा वीर प्रबंध समिति के तत्वावधान में रात्रि नौ बजे से रात्रिपर्यंत फलाहार खीर का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों, डाक बम, बोल बम और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीश्री 1008 बाबा नरवा वीर, मां दुर्गा, मां शीतला और बजरंगबली के श्रावणी श्रृंगार से हुई। इसके बाद मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर बाबा को खीर का भोग लगाया। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण शुरू किया गया। समिति की ओर से पिछले 18 वर्षों से सावन के अंतिम रविवार को खीर सेवा की परंपरा निभाई जा रही है। इस वर्ष करीब 2000 लीटर यानी 20 कुंतल दूध से खीर तैयार की गई। प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। कई श्रद्धालु एक बार प्रसाद लेने के बाद दोबारा कतार में लगकर खीर ग्रहण करते नजर आए।
आयोजन में टाउनहॉल के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए शहर दक्षिणी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी किशन दीक्षित, मनोज सिंह, किशन सेठ, सन्नी वर्मा, प्रिंस कुमार, शेखर पटेल, पवन पटेल, सुजीत वर्मा समेत तमाम व्यापारी बंधु और श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि सावन के दौरान काशी आने वाले कांवरियों और शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है। खीर प्रसाद वितरण के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा नरवा वीर के दर्शन-पूजन के साथ प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद लिया।