डीएम के निर्देश पर वाराणसी में सभी स्कूलों का बदला टाइम : अब सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक चलेंगी कक्षाएं
वाराणसी। जनपद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। अब सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सभी बोर्ड और माध्यम के स्कूलों पर लागू आदेश
यह निर्णय परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्ड के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। इसका उद्देश्य बच्चों को गर्मी से राहत देना और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
गर्मी के मद्देनजर लिया गया फैसला
इन दिनों तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने स्कूल समय में बदलाव का यह निर्णय लिया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाया जा सके।
बीएसए ने जारी किया आदेश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय के अनुसार ही कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।