सावन के प्रथम दिन बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
श्रावण माह के प्रथम दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वेश्वर का जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और दर्शन व्यवस्था को लेकर किए विशेष प्रबंध
एम्बुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस और विश्राम स्थल की सुविधा
नियंत्रण कक्ष से पूरे धाम की 24 घंटे निगरानी, श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील
वाराणसी। श्रावण माह-2026 के प्रथम दिवस पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। प्रातःकाल से ही देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं का लगातार आगमन होता रहा। मंदिर प्रशासन की सुव्यवस्थित व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से बाबा विश्वेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष प्रबंधन किए गए हैं, जिससे भीड़ के बावजूद व्यवस्था सुचारु बनी रही।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में चिकित्सकीय सहायता की व्यापक व्यवस्था की गई है। एम्बुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, प्राथमिक उपचार केंद्र, शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस तथा विश्राम की सुविधाएं विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
श्रावण माह में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे धाम की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लेकर उन्हें और प्रभावी बनाया जा रहा है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें तथा सुरक्षित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था में सहयोग करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरे श्रावण माह प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और दिव्य दर्शन का अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर जारी रहेंगी।