काशी पहुंचने पर सेवा यात्रियों का होगा स्वागत, सम्पूर्णानंद विश्वविद्यालय से पदयात्रा कर पहुंचेंगे काशी विश्वनाथ धाम
वडनगर से काशी पहुंचेंगे सेवा यात्री, 51 महिलाएं कलश में लाएंगी नदियों का जल, बाबा विश्वनाथ का होगा अभिषेक
7 अक्टूबर को जगतपुर इंटर कॉलेज में नितिन नबीन की जनसभा, 6 अक्टूबर से विधानसभा स्तर पर होगा यात्रियों का स्वागत
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से काशी आ रही बाइक यात्रा का 7 अक्टूबर को समापन होगा। यात्रा में शामिल करीब 500 बाइक यात्री काशी पहुंचेंगे। इसी दिन रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा प्रस्तावित है।
यात्रा के स्वागत और जनसभा की तैयारियों को लेकर रविवार को गुलाब बाग में भाजपा की व्यवस्था टोली की बैठक हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वडनगर और काशी के बीच निकली यह यात्रा दोनों शहरों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रियों के स्वागत और जनसभा की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।
विधानसभा क्षेत्रों में बनाए जा रहे स्वागत प्वाइंट
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 6 अक्टूबर की दोपहर बाद यात्रा के काशी पहुंचने का क्रम शुरू होगा। इसके लिए विधानसभा स्तर पर स्वागत प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। यहां जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता यात्रियों का स्वागत करेंगे। 7 अक्टूबर की सुबह सभी बाइक यात्री सम्पूर्णानंद विश्वविद्यालय में एकत्र होंगे। यहां महिला मोर्चा की कार्यकर्ता तिलक लगाकर, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत करेंगी। इसके बाद यात्री बस से मैदागिन पहुंचेंगे और वहां से पदयात्रा करते हुए काशी विश्वनाथ धाम जाएंगे।
51 महिलाएं कलश में लाएंगी वडनगर का जल
काशी विश्वनाथ धाम की ओर पदयात्रा के दौरान 51 महिलाएं सिर पर कलश लेकर सेवा यात्रियों के आगे चलेंगी। आयोजकों के अनुसार, इन कलशों में वडनगर की नदियों का एकत्रित जल रहेगा। इसी जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के बाद सेवा यात्री मैदागिन से बस द्वारा रोहनिया स्थित गोकुलधाम पहुंचेंगे। यहां से सभी जगतपुर इंटर कॉलेज में प्रस्तावित जनसभा में शामिल होंगे।
जनसभा की तैयारियों की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को
अशोक चौरसिया ने बताया कि जनसभा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी गई है। बैठक में स्वागत और विषय प्रस्तावना महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने किया। संचालन महानगर महामंत्री अशोक जाटव ने किया। बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी व टी. राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नवरतन राठी, अजीत रावत, अनूप जायसवाल, अमित राय, राकेश शर्मा, जगदीश त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, सुरेश सिंह, संतोष सोलापुरकर, प्रवीण सिंह गौतम, शैलेंद्र मिश्रा, संदीप सिंह मिंटू, संजय सोनकर, चंद्रशेखर उपाध्याय, पवन सिंह, पूजा दीक्षित, सत्येंद्र सिंह, प्रमिल पांडेय और संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।