निर्जला एकादशी पर पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक, कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार प्रातःकाल राजेंद्र प्रसाद घाट से श्री काशी विश्वनाथ धाम तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने विभिन्न पवित्र तीर्थों से लाए गए जल के साथ यात्रा में सहभागिता कर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से काशी नगरी गुंजायमान हो उठी।
 

वाराणसी। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार प्रातःकाल राजेंद्र प्रसाद घाट से श्री काशी विश्वनाथ धाम तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने विभिन्न पवित्र तीर्थों से लाए गए जल के साथ यात्रा में सहभागिता कर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से काशी नगरी गुंजायमान हो उठी।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु, सामाजिक संगठन और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर समाज के कई गणमान्य लोगों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को पेयजल, शरबत एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कलश यात्रा में शामिल नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने कहा कि जलाभिषेक की परंपरा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमें जल और नदियों के संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और वर्तमान समय में जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।