मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर पर BJP निकालेगी ‘सेवा संकल्प यात्रा’, काशी से वडनगर तक बाइक यात्रा करेंगे युवा, देंगे विकास का संदेश
17 सितंबर को शुरू होगी बाइक यात्रा, 10 राज्यों के 100 से अधिक जिलों से गुजरेंगे युवा, रात्रि प्रवास में योजनाओं के लाभार्थियों से करेंगे संवाद
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक कार्यकाल को समर्पित भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगा। अभियान के तहत वाराणसी और गुजरात के वडनगर के बीच विशेष बाइक यात्रा निकाली जाएगी। काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक होने वाली इस यात्रा में दोनों ओर से 500-500 युवा बाइक सवार शामिल होंगे।
यात्रा का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल में किया जाएगा। काशी विश्वनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सहित कई मंत्री बाइक यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर काशी में सेवा और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
50-50 युवाओं के समूह में निकलेगी यात्रा
सेवा संकल्प बाइक यात्रा में युवा 50-50 के समूह में निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ेंगे। यात्रा 10 राज्यों के 100 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान युवा अलग-अलग स्थानों पर रात्रि प्रवास करेंगे और स्थानीय लोगों से संपर्क कर सेवा कार्यों में हिस्सा लेंगे। रात्रि प्रवास के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से भी संवाद किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं और आम लोगों के सवालों, समस्याओं और सरकार की योजनाओं से जुड़े अनुभवों को जानने का प्रयास होगा।
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर को सेवा और संकल्प से जोड़ते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी के तहत वाराणसी-वडनगर और वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान युवाओं और आम लोगों से संवाद कर उनके मन में चल रहे सवालों को समझने और समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस यात्रा को भाजपा संगठन की ओर से प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के राजनीतिक कार्यकाल और सेवा भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।