धर्म संघ में गोपाष्टमी पर गौमाता का हुआ पूजन, श्रद्धालुओं ने तिलक लगाकर पहनाई माला, खिलाया हरा चारा, गौसेवा कर की सुख-समृद्धि की कामना 

धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दुर्गाकुंड स्थित धर्म संघ परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। बनारस सहित आसपास के जनपदों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए भक्तों ने गौ माता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और उनकी सेवा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
 

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मंगलवार को गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दुर्गाकुंड स्थित धर्म संघ परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। बनारस सहित आसपास के जनपदों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए भक्तों ने गौ माता का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और उनकी सेवा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

गोपाष्टमी के अवसर पर धर्म संघ परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमालाएं पहनाईं और धूप-दीप के साथ आरती उतारी। इसके बाद गायों को पालक, हरी सब्जियां और विभिन्न प्रकार के चारे खिलाए। लोगों ने गौ माता की परिक्रमा कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान परिसर में गौ माता के जयकारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी पूजन में भागीदारी की।

कार्यक्रम के दौरान धर्म संघ के राजमंगल पांडेय ने गोपाष्टमी के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गोपाष्टमी का विशेष स्थान है। गौ माता की पूजा और सेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवों के प्रति करुणा का प्रतीक है। गौ सेवा के माध्यम से समाज में दया, संवेदना और प्राणी मात्र के कल्याण की भावना को मजबूत किया जाता है।

उन्होंने धर्म संघ के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पावन परिसर परम पूज्य करपात्री महाराज की तपोस्थली रहा है। उनका संपूर्ण जीवन गौ माता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए समर्पित था। गौ रक्षा के उद्देश्य से उन्होंने अनेक आंदोलन किए और गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर देशव्यापी स्तर पर आवाज उठाई थी। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देते हैं।

राजमंगल पांडेय ने कहा कि धर्म संघ में प्रत्येक वर्ष गोपाष्टमी का पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। सनातन धर्म का मूल संदेश धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए गौ माता की पूजा और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। कार्यक्रम का समापन गौ माता के जयकारों और समस्त विश्व के कल्याण की कामना के साथ हुआ। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।