गंगा सप्तमी पर काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर भव्य गंगा आरती, दुग्धाभिषेक संग वैदिक अनुष्ठान
वाराणसी। गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माँ गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां गंगा के दुग्धाभिषेक से हुई, जिसके बाद षोडशोपचार पूजन विधिपूर्वक संपन्न किया गया। पूजन के दौरान सभी निर्धारित धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। पूजन के उपरांत मां गंगा को साड़ी अर्पित कर उनका विशेष श्रृंगार किया गया। दीपों की पंक्तियों से सजे घाट, वैदिक मंत्रोच्चार और घंटों की मधुर ध्वनि ने पूरे माहौल को अलौकिक बना दिया। श्रद्धालुओं ने एक स्वर में गंगा मैया का जयघोष करते हुए आरती में भाग लिया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस दिव्य आयोजन में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने काशी की आध्यात्मिक गरिमा को और भी सुदृढ़ किया। अंत में भक्तों ने ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष के साथ मां गंगा के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। यह आयोजन काशी की प्राचीन परंपराओं और धार्मिक आस्था का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।