देव दीपावली पर गंगा से घाटों तक अभेद्य सुरक्षा का घेरा, पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस आयुक्त ने मंडलायुक्त और डीएम के साथ गोदौलिया से नमो घाट तक बोट से किया निरीक्षण
गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन; नावों के लिए अलग-अलग वाटर रूट होंगे निर्धारित
25 से अधिक आईपीएस और 50 से अधिक पीपीएस अधिकारी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
सीसीटीवी-ड्रोन से होगी निगरानी; पुलिसकर्मियों को सिखाया जा रहा विनम्र व्यवहार का सलीका
वाराणसी। देव दीपावली पर काशी में उमड़ने वाली 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। गंगा के जलमार्ग से लेकर घाटों और शहर की सड़कों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गोदौलिया से बोट के जरिए चेतसिंह घाट होते हुए नमो घाट तक भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गंगा के वाटर रूट, प्रमुख घाटों, नौका संचालन क्षेत्रों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, नौका संचालन और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि देव दीपावली के दौरान जल और थल दोनों मार्गों पर समन्वित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गंगा में नावों की आवाजाही नियंत्रित रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए टीमें पूरी तरह तैयार रहें।
गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन, रेस्क्यू बोट रहेगी तैनात
देव दीपावली पर गंगा में बड़ी संख्या में नावों और बजड़ों के संचालन को देखते हुए जल क्षेत्र में अस्थायी पुलिस स्टेशन स्थापित किया जाएगा। यहां रेस्क्यू बोट और आवश्यक बचाव उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इससे नावों की टक्कर, किसी श्रद्धालु के नदी में गिरने या अन्य दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता और बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा।
नावों के सुरक्षित आवागमन के लिए गंगा में वाटर बैरिकेडिंग कर आने-जाने के अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जा रहे हैं। नाविकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। मोटरबोट के माध्यम से गंगा में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी भी होगी।
25 आईपीएस और 50 पीपीएस अधिकारियों के साथ 3000 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
देव दीपावली की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 3000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीआरपीएफ, पीएसी और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भी मुस्तैद रहेंगी। संपूर्ण घाट क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती होगी। वीवीआईपी अतिथियों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
घाटों पर प्रवेश और निकास के लिए व्यवस्थित व्यवस्था, पर्याप्त बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती होगी। भीड़ के दबाव वाले तथा संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के इंतजाम किए जा रहे हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी और विशेष टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी, कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही अग्निशमन, चिकित्सा और अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों की टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में यातायात डायवर्जन, मालवाहक वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। निर्धारित व्यवस्था के तहत मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर में आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों और मल्टीलेवल पार्किंग का उपयोग कराया जाएगा। दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
पुलिसकर्मियों को सिखाया जा रहा अतिथियों से व्यवहार का तरीका
देव दीपावली पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक हमारा अतिथि है। पुलिसकर्मी उनसे सम्मानपूर्वक 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करें तथा उनकी समस्याओं का विनम्रता से समाधान करें। ड्यूटी के दौरान सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाए।
11 लाख दीपों के साथ लेजर और ड्रोन शो का भी होगा आयोजन
देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर लगभग 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ गंगा आरती, लेजर शो, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा महोत्सव सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय किरीट राठोड सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।