100 वार्डों में रात को उतरेंगे अफसर, स्ट्रीट लाइट और नाइट स्वीपिंग की करेंगे पड़ताल, सुधरेगी व्यवस्था 

शहर में स्ट्रीट लाइट और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने सभी 100 वार्डों में विशेष जांच अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इसके लिए आदेश जारी करते हुए तिथिवार नोडल अफसरों और आलोक विभाग के कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। अभियान सात से 19 अक्टूबर तक चलेगा।
 

7 से 19 अक्टूबर तक चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान, डार्क स्पॉट चिह्नित कर नई लाइट लगाने की बनेगी योजना

वाराणसी। शहर में स्ट्रीट लाइट और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने सभी 100 वार्डों में विशेष जांच अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इसके लिए आदेश जारी करते हुए तिथिवार नोडल अफसरों और आलोक विभाग के कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। अभियान सात से 19 अक्टूबर तक चलेगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी शाम और रात के समय वार्डों में पहुंचकर सड़कों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। मुख्य और आंतरिक मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की संख्या, बंद पड़ी तथा पीली रोशनी देने वाली लाइटों की स्थिति की जांच की जाएगी। इसके साथ ही साप्ताहिक मरम्मत टीम की सक्रियता और निर्धारित समय पर लाइटों के ऑन-ऑफ होने की व्यवस्था भी परखी जाएगी।

डार्क स्पॉट का होगा सर्वे
अभियान के दौरान वार्डों में अंधेरे वाले स्थानों यानी डार्क स्पॉट को चिह्नित किया जाएगा। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य प्रमुख मार्गों के साथ ही आंतरिक गलियों में भी पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करना है।

नाइट स्वीपिंग पर भी नजर
अधिकारियों द्वारा रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का भी मौके पर निरीक्षण किया जाएगा। नाइट स्वीपिंग में तैनात सफाई मित्रों की उपस्थिति और सफाई के स्तर की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। प्रत्येक नोडल अधिकारी को प्रतिदिन की निरीक्षण रिपोर्ट निगम के आईटी एक्सपर्ट विद्या प्रकाश दुबे को भेजनी होगी। इसके आधार पर समेकित रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त और प्रभारी अधिकारी (आलोक) के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।