अब घाटों पर फ्री हाई-स्पीड इंटरनेट, अस्सी घाट से शुरू हुई डिजिटल सुविधा, दशाश्वमेध घाट भी जुड़ा

धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक नई पहल की है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट पर नि:शुल्क वाई-फाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस योजना के प्रथम चरण में दशाश्वमेध घाट को भी हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ा गया है।
 

वाराणसी। धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक नई पहल की है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट पर नि:शुल्क वाई-फाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस योजना के प्रथम चरण में दशाश्वमेध घाट को भी हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ा गया है।

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने कहा कि यह पहल वाराणसी को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में इंटरनेट एक बुनियादी आवश्यकता बन चुका है, ऐसे में घाटों पर आने वाले पर्यटक, छात्र, शोधार्थी और स्थानीय नागरिक अब आसानी से कनेक्टिविटी का लाभ उठा सकेंगे। इससे न केवल सूचना का आदान-प्रदान आसान होगा, बल्कि डिजिटल सेवाओं तक पहुंच भी सुगम बनेगी।

नगर निगम द्वारा घाटों पर फ्री वाई-फाई जोन के बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर उपयोगकर्ता सरलता से इंटरनेट से जुड़ सकते हैं। इस सुविधा को उपयोगकर्ता के अनुकूल और तेज गति वाला बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि अधिक भीड़ के समय में भी नेटवर्क सुचारू रूप से कार्य करता रहे।

उपसभापति नरसिंह दास ने इस पहल को डिजिटल क्रांति की दिशा में अहम कदम बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य आम नागरिकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। वहीं बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क की गुणवत्ता, स्पीड और कवरेज को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था तैयार की गई है।

इस अवसर पर पार्षदगण और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में इस योजना का विस्तार अन्य प्रमुख घाटों तक भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें।