थियोसोफिकल सोसायटी की जमीन पर होटल निर्माण पर नोटिस, प्रबंधन से मांगा स्पष्टीकरण
वाराणसी। कमच्छा स्थित थियोसोफिकल सोसायटी की भूमि पर होटल निर्माण के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक निबंधक फर्म्स, सोसायटी एवं चिट्स ने सोसायटी के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण मांगा है।
मामले में शिकायत की गई थी कि सोसायटी के उद्देश्यों के विपरीत बिना अनुमति जमीन को 30 वर्षों के लिए लीज पर देकर होटल निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई। इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने प्रबंधन से जवाब तलब किया है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 26 जून 2024 से पहले इस जमीन पर समिति का नाम दर्ज नहीं था और खसरा अभिलेखों में किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज था। बाद में 22 जून 2024 को एसडीएम के माध्यम से समिति के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की गई, जिस पर भी सवाल उठाए गए हैं। अपर आयुक्त प्रशासन न्यायालय ने इस प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए विचाराधीन रखा है।
बताया जा रहा है कि रोपवे निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश शासन से भारी मुआवजा प्राप्त किया गया और उसी के आधार पर जमीन लीज पर दी गई। साथ ही होटल निर्माण के लिए भी बड़ी धनराशि के लेन-देन पर सवाल खड़े हुए हैं।
सहायक निबंधक ने बिल्डिंग मैनेजमेंट फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट और आयकर से जुड़े दस्तावेजों सहित करीब दस बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।