वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक सीटों पर नामांकन शुरू, भाजपा ने घोषित किए प्रत्याशी

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। इसी के साथ नामांकन दाखिल करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भाजपा ने वाराणसी खंड स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को प्रत्याशी घोषित किया है। 
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। इसी के साथ नामांकन दाखिल करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भाजपा ने वाराणसी खंड स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को प्रत्याशी घोषित किया है। 

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्तूबर निर्धारित की गई है। वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए अपर आयुक्त (द्वितीय) के न्यायालय कक्ष में नामांकन की व्यवस्था की गई है।

नामांकन पत्रों की जांच सात अक्तूबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्तूबर निर्धारित है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्तूबर को मतगणना होगी। प्रदेश में विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटों पर यह चुनाव कराया जा रहा है।

चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रशासन ने नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया के लिए निर्धारित स्थानों पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

चुनाव कार्यक्रम
•    नामांकन शुरू: 29 सितंबर
•    नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्तूबर
•    नामांकन पत्रों की जांच: 7 अक्तूबर
•    नाम वापसी: 9 अक्तूबर
•    मतदान: 23 अक्तूबर, सुबह 8 से शाम 4 बजे तक
•    मतगणना: 27 अक्तूबर