काशी विश्वनाथ मंदिर में ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर श्रद्धालुओं से वसूली, नौ आरोपी गिरफ्तार 

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं से ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर दुर्व्यवहार और अवैध वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ थाना दशाश्वमेध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं से ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर दुर्व्यवहार और अवैध वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ थाना दशाश्वमेध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मंदिर आने वाले बाहर के श्रद्धालुओं को निशाना बनाते थे। ये लोग वाराही देवी मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में जल्दी दर्शन कराने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठते थे। कई मामलों में श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।

बुधवार की सुबह लगभग 10:40 बजे थाना दशाश्वमेध क्षेत्र के मंदिर के गेट नंबर-2 की गली से सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में शुभम साहनी, संजय कसेरा, प्रशांत सेठ, मिथिलेश मिश्रा, लकी पांडेय, गणेश साहनी, अमन यादव, राहुल और वंश वाजपेयी शामिल हैं। सभी आरोपी वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं और लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनुजमणि तिवारी, विजय कुमार सिंह, अरविंद कुमार यादव, शुभम सिंह, रवि सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।